Pages

Monday, September 16, 2019

दिल्ली: नशा, स्पीड 120...उजाड़े दो गरीब परिवार

दिल्ली: नशा, स्पीड 120...उजाड़े दो गरीब परिवार
नई दिल्ली मुरथल की पार्टी से लौटते हुए खाली सड़क पर 120 की रफ्तार से कार दौड़ा रहे युवक ने स्टैंड पर खड़े कई ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना जर्बदस्त था कि SX4 कार दो ऑटो के परखच्चे उड़ाते हुए 50 फुट अंदर तक चली गई। इस घटना में दो ऑटो ड्राइवरों की मौत हो गई, दो अन्य ड्राइवर बुरी तरह जख्मी हो गए। वारदात आधी रात को जीटीके करनाल रोड पर स्वरूप नगर इलाके में हुई। कार को पालम स्थित भैरों एन्क्लेव निवासी मोहित (23) चला रहा था। वह अपने पांच दोस्तों के साथ मुरथल में पार्टी करने गया था। देर रात वापस आते समय सिंधू बॉर्डर से स्वरूप नगर की ओर सड़क खाली देखी तो रफ्तार बढ़ा दी। बताते हैं, उस वक्त कार 120 किमी प्रति घंटे से ज्यादा की स्पीड में थी। उसी समय अचानक गाड़ी बेकाबू हो गई। पहले वह डिवाइडर से टकराई, उसके बाद स्टैंड पर खड़े ऑटो को रौंद दिया। रात 1:52 बजे हादसे की सूचना पुलिस को मिली। स्वरूप नगर थाने की पुलिस ने खून में लथपथ लोगों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान 40 वर्षीय संजय और 36 वर्षीय जयकिशन की मौत हो गई। जितेंद्र और रिंकू नाम के ड्राइवर घायल हैं। कार में सवार लड़कों को मामूली चोटें आई हैं। चश्मदीदों का आरोप है कि कार सवार लड़के शराब के नशे में धुत थे। कार में शराब की बोतलें भी रखी थीं। हालांकि पुलिस अफसरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मारे गए दोनों परिवार का सहारा थे हादसे में जान गंवाने वाले जयकिशन और संजय परिवार के साथ खड्डा कॉलोनी के जे ब्लॉक में रहते थे। रविवार की रात वे स्टैंड पर सवारियों का इंतजार कर रहे थे। तभी कार ने ऑटो में जबर्दस्त टक्कर मार दी। बताते हैं कि जयकिशन और संजय परिवारों में इकलौते कमाने वाले थे। जयकिशन के परिवार में पत्नी, 11 वर्षीय बेटी के अलावा 4 और ढाई साल के दो बेटे हैं। वहीं, संजय की मौत के बाद परिवार में पत्नी और ढाई साल का बेटा बचा है।


from Delhi News: Delhi News in Hindi, दिल्ली न्यूज़, Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Latest Delhi News in Hindi | Navbharat Times https://ift.tt/2LU7liv
via Blogger https://ift.tt/308bWXu
September 17, 2019 at 10:06AM