Wednesday, September 25, 2019

भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों से कहा कि कश्मीर का मुद्दा सुलझा लें: ट्रंप

न्यू यॉर्क/वॉशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के नेताओं के साथ कश्मीर पर चर्चा की है और उन्हें मध्यस्थता की पेशकश की है और उनसे आग्रह किया है कि इस मामले को बस सुलझा लें और खत्म करें। ट्रंप ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत संबंध बनाने और निष्पक्ष द्विपक्षीय व्यापार पर पाकिस्तान और भारत के नेताओं के साथ तथा कई अन्य देशों के नेताओं के साथ उनकी बहुत फलदायी बातचीत हुई है। ट्रंप ने कहा, 'पाकिस्तान और भारत के संबंध में हमने कश्मीर के बारे में बात की और मैं जो भी मदद कर सकता हूं, उसकी मैंने पेशकश की, और वह मदद मध्यस्थता है। मैं जो कर सकता हूं वह करूंगा, क्योंकि वे बहुत गंभीर परिस्थिति में हैं, और आशा है वे बेहतर स्थिति में हो जाएंगे।' उन्होंने कहा, 'यदि आप दोनों प्रधानमंत्रियों की तरफ देखें, तो वे दोनों मेरे बहुत अच्छे मित्र हैं। मैंने मित्रों से कहा कि इसे बस सुलझा लें क्योंकि वे दो परमाणु शक्तियां हैं।' ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा से अलग पाकिस्तान के प्रधानमंत्री के साथ सोमवार को जबकि भारतीय प्रधानमंत्री के साथ मंगलवार को द्विपक्षीय बातचीत की थी। उन्होंने मोदी के साथ ह्यूस्टन में रविवार को हाउदी मोदी समारोह में भी मंच साझा किया था। 35 अमेरिकी सांसदों की ट्रंप प्रशासन को चिट्ठी वहीं, अमेरिका के 35 सांसदों के एक द्विदलीय समूह ने ट्रंप प्रशासन से कश्मीर पर द्विपक्षीय वार्ता के लिए भारत और पाकिस्तान को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया है जिससे उनके बीच तनाव कम किया जा सके। भारत सरकार द्वारा कश्मीर में पाबंदियां हटाना शुरू किए जाने की हालिया खबरों से उत्साहित अमेरिकी सांसदों ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी दूत केली क्राफ्ट को लिखे खत में कश्मीर क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई गतिविधियों और भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव पर चिंता जताई। इस पत्र पर 23 सितंबर की तारीख है। पत्र में कहा गया, 'इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता बरकरार रखना वैश्विक सुरक्षा का विषय है।' इस पत्र पर सांसद जिम बैंक्स, ग्रेग पेंस, सुसेन वाइल्ड, डेविड ट्रोन, एरिक स्वॉलवेल, ग्वेन मूर, जूडी चू, माइक लेविन और रॉन राइट के अलावा अन्य सांसदों के भी हस्ताक्षर हैं।


from America News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें https://ift.tt/2lQ4v55