नई दिल्ली बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटर से स्कूल जा रहीं एक महिला टीचर का मोबाइल फोन झपट लिया। उसने किसी और का फोन लेकर अपने भाई को इसकी जानकारी देकर मौके पर बुला लिया। युवती ने अपने फोन में मोबाइल ट्रैकर लगा रखा था। उसकी मदद से दोनों बहन-भाई झपटमारों के अड्डे तक जा पहुंचे। यहां तीन में से दो भाग गए। बहादुरी दिखाते हुए दोनों बहन-भाई ने एक को धर दबोचा। इसके बाद एक और पकड़ा गया। अभी तीसरे की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों बहन-भाई की बहादुरी को देखते हुए इन्हें 2500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया है। मामला साउथ-ईस्ट दिल्ली के ओखला इलाके का है। डीसीपी चिन्मय बिश्वाल ने बताया कि जैतपुर की 24 साल की लड़की स्कूटर से 11 सितंबर की सुबह नोएडा स्कूल में पढ़ाने के लिए जा रहीं थीं। ओखला बैराज पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। उन्होंने अपने भाई को फोन करके बुला लिया और फिर दोनों बहन-भाई बिना डरे बदमाशों के इलाके में जा पहुंचे। यह जैतपुर की खड्डा कॉलोनी थी। वहां से इन्होंने सबसे पहले 24 साल के नितिन को पकड़ लिया। इसके पास से इनका छीना गया मोबाइल फोन और बाइक भी मिल गई, जिस पर सवार होकर इन्होंने वारदात की थी। फिर फरीदाबाद के रहने वाले 20 साल के रमजानी को भी पकड़ लिया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों के ऊपर 8 मामले पहले से दर्ज हैं।
from Delhi News: Delhi News in Hindi, दिल्ली न्यूज़, Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Latest Delhi News in Hindi | Navbharat Times https://ift.tt/34BBLP8