Sunday, September 15, 2019

पाकिस्तान में हिंदू समुदाय के प्रिंसिपल के खिलाफ ईशनिंदा का मामला दर्ज, सिंध में दंगे भड़के

लाहौर पाकिस्तान के सिंध प्रांत के एक स्कूल में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के प्रिंसिपल के खिलाफ ईशनिंदा का मामला दर्ज होने के बाद रविवार को प्रांत के कई इलाकों में दंगे भड़क गए। एक छात्र के पिता अब्दुल अजीज राजपूत की शिकायत पर सिंध पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है। राजपूत का दावा है कि शिक्षक ने इस्लाम के पैगंबर के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी कर ईशनिंदा की है। स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद घोटकी जिले में व्यापक पैमाने पर प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने प्रिंसिपल नोतन मल की गिरफ्तारी की मांग की। इसके बाद ऐडिशनल इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस जमील अहमद ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को सुरक्षा के लिए हिरासत में ले लिया है। उन्होंने एक ट्वीट किया कि आरोपी प्रिंसिपल अब पुलिस की हिरासत में है। पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने प्रदर्शनकारियों द्वारा स्कूल में तोड़फोड़ किए जाने से संबंधित एक विडियो साझा करते हुए स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। मानवाधिकार संगठन ने एक ट्वीट में कहा, ‘घोटकी में ईशनिंदा के आरोपों की खबरें चिंताजनक हैं।’ घोटकी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फारुख लंजार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पर काबू कर रही है। पाकिस्तान हिंदू परिषद के प्रमुख और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के नेता रमेश कुमार वांकवानी ने कहा कि प्रिंसिपल को सुरक्षा कारणों से किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया है और उन्हें मामले की विस्तृत जांच के लिए हैदराबाद के उप महानिरीक्षक नईम शेख के हवाले किया जाएगा। मीरपुर माथेलो और आदिलपुर सहित आसपास के शहरों में भी विरोध प्रदर्शन हुए जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम कर दिया और स्कूल के प्रिंसिपल को गिरफ्तार किए जाने की मांग की।


from Pakistan News in Hindi, पाकिस्तान समाचार, Latest Pakistan Hindi News, पाकिस्तान खबरें https://ift.tt/301WCM3