Tuesday, December 10, 2019

टिक-टॉक विडियो पर झगड़ा, 4 को मारी गोली

नई दिल्ली दिल्ली प्रेम नगर इलाके में सोमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों की फायरिंग में गोली लगने से चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने हत्या की कोशिश के तहत मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान में जुटी है। शुरुआती जांच में पैसों के लेनदेन को लेकर फायरिंग की बात सामने आ रही है। इसके अलावा अंदेशा है कि 29 नवंबर को एक शादी समारोह में टिक टॉक वीडियो बनाने के दौरान हुए झगड़ा भी हो सकता है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 9:30 बजे मेन मुबारकपुर रोड, सोम बाजार रोड स्थित सी ब्लॉक में गोलियां चलने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो एक निर्माणाधीन मकान में चार युवक घायल मिले, सभी को गोली लगी थी। फर्श पर काफी खून बिखरा था। सभी को तुरंत संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया। घायलों की पहचान अगर नगर निवासी रवि(25), प्रेम नगर निवासी राजेन्द्र(46), संजीव(23) और ब्रज विहार प्रेम नगर निवासी हिमांशु पाल(23) के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि राजेन्द्र के पैर में, जबकि संजीव की कमर में गोली लगी है। बाइक सवार बदमाशों ने किया हमला स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया है कि बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। वे काफी देर से मौके पर रेकी कर रहे थे। जिस मकान में यह वारदात हुई है, वहां पर सट्टा चलने की चर्चा है। बदमाशों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए मौके पर लगे दो सीसीटीवी कैमरों के साथ पहले ही छेड़छाड़ कर उन्हें मोड़ दिया था। लोगों ने बताया कि गोली की आवाज सुनकर आसपास भगदड़ मच गई थी। कुछ लोगों ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी। 29 नवंबर को शादी में गए थे इस पर लोगों ने उनका पीछा करना छोड़ दिया। जांच में पता चला कि चारों युवक 29 नवंबर को अपने एक जानकार की शादी में गए थे। वहां कुछ लड़के भी खड़े थे। टिक-टॉक विडियो बनाने के दौरान उन लड़कों से इनका विवाद हो गया था और इन्होंने उन लड़कों को पीट दिया था। लोगों ने दोनों पक्षों को शांत करवाया था। आरोप है कि 30 नवंबर को दूसरे गुट के कुछ युवक इन युवकों के घर आए थे परिवारवालों के साथ गाली-गलौज कर धमकी दी थी कि अब गोलियां चलेंगी। आशंका है कि झगड़े की असली वजह यही है।


from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2rBgSox