Sunday, January 5, 2020

दिल्‍ली में आज से गिरेगा तापमान, बारिश के आसार

नई दिल्ली दिल्ली में मौसम का बदलाव शुरू हो गया है। रविवार शाम को बादल छाए और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 जनवरी को हल्की बारिश के आसार हैं। बादल छाए रहेंगे, जिसकी वजह से दिन का तापमान सोमवार से कम होना शुरू हो जाएगा। रविवार को अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 7 डिग्री रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पंजाब, हरियाणा, पश्चिम उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान और दिल्ली में गरज के साथ बारिश की गतिविधियां जल्द शुरू होंगी। अनुमान है कि मौसम में बदलाव 6 जनवरी से 8 जनवरी के बीच दिखेगा। शुरुआत में पंजाब, उत्तरी राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। उत्तर भारत में जम्मू कश्मीर के पास वेस्टर्न डिस्टरबेंस आ रहा है। इसके प्रभाव से मैदानी इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित होगा। इन दोनों सिस्टमों के चलते उत्तर भारत में मौसम बदलेगा। उत्तर पश्चिमी भारत में होगी अच्छी बारिश पश्चिमी पंजाब से शुरू होकर यही बारिश धीरे-धीरे दिल्ली और उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों तक पहुंचेगी। अनुमान है कि 7 और 8 जनवरी को उत्तर पश्चिमी भारत के अधिकतर हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। हालांकि दिल्ली और इससे सटे शहरों में 6 से 8 जनवरी के बीच छिटपुट बारिश ही होगी। यहां सभी जगहों पर और अच्छी बारिश होने के आसार नहीं हैं। अनुमान है कि 9 जनवरी से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली समेत सभी भागों में मौसम साफ होने लगेगा और उत्तर के पहाड़ों से बर्फीली हवा मैदानी इलाकों में चलने लगेंगी। इनके प्रभाव से 9 जनवरी से पश्चिमी पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के न्यूनतम तापमान में भी गिरावट शुरू हो जाएगी। दिल्ली-एनसीआर का न्यूनतम तापमान एक बार फिर 4 डिग्री तक गिर सकता है।


from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2MZShRM