Pages

Sunday, February 23, 2020

अमेरिका के ग्रोसरी स्टोर में भारतीय की गोली मारकर हत्या

वॉशिंगटनअमेरिका के लॉस एंजलिस में एक भारतीय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। स्थानीय समय के मुताबिक शनिवार सुबह एक ग्रोसरी स्टोरी में एक नकाबपोश ने मनिंदर सिंह साही को गोली मार दी। पिछले ही महीने 31 वर्ष के हुए मनिंदर शादीशुदा थे और दो बच्चों के पिता थे। करनाल के रहने वाले साही छह महीने पहले ही यहां आए थे और राजनीतिक शरण की मांग की थी। वह कैलिफोर्निया के लॉस एंजलिस शहर में 7-इलेवन ग्रोसरी स्टोर में काम करते थे। अमेरिका में रह रहे उनके रिश्तेदारों ने बताया कि वह अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे और पत्नी और बच्चों के लिए घर पैसे भेजा करते थे। पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार को सुबह 5:43 बजे हुई। पहली नजर में इसे लूट से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक लूट के इरादे से सेमी ऑटोमैटिक गन लेकर घुसे शख्स ने मनिंदर को गोली मार दी। पुलिस ने संदिग्ध की तस्वीर जारी करते हुए कहा, 'अज्ञात कारणों ने संदिग्ध ने क्लर्क पर गोली चला दी और उनकी जान ले ली। संदिग्ध मौके से फरार हो गया।' पुलिस ने बताया कि घटना के समय स्टोर में दो ग्राहक भी थे, जो घायल हैं। संदिग्ध को अश्वेत बालिग बताया गया है, जिसकी हाइट 5 फीट 7 इंच के आसपास होगी। संदिग्ध ने अपना चेहरा आंशिक रूप से ढंका हुआ था। पीड़ित के भाई ने शव को भारत भेजने के लिए चंदा जुटाने के मकसद से गोफंड पेज क्रिएट किया है। उसके भाई ने रविवार को गोफंड पेज पर लिखा है, 'वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़कर गया है। बच्चों की उम्र 5 और 9 साल है। मैं उसकी बॉडी को भारत भेजने के लिए मदद चाहता हूं, ताकि उसकी पत्नी और बच्चे उसका चेहरा आखिरी बार देख सकें।'


from America News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें https://ift.tt/2uojcRg