नई दिल्ली मॉनसून आने के बावजूद सूखी पड़ी दिल्ली को आज थोड़ी राहत मिली है। राजधानी में रविवार सुबह कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, इससे कुछ जगहों पर परेशानी भी हुई। एक जगह तो आधी बस ही पानी में डूब गई। बारिश से तापमान में भी गिरावट आई और सुबह यह 29 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने पहले ही आज बारिश का अनुमान जताया था। भविष्यवाणी की मानें तो सोमवार को भी बारिश हो सकती है। इसके बाद बारिश कम हो जाएगी। बढ़ गई परेशानी, आधी डूबी बस दिल्ली में बारिश की वजह से कुछ जगहों पर परेशानी भी बढ़ गई। मिंटो ब्रिज पर तो एक बस जलभराव में फंस गई। वह बस पानी में आधी डूब गई थी। दूसरी जगहों पर भी बारिश के बाद जलभराव हुआ, जिससे जाम लग गया। मौसम विभाग के मुताबिक, 23 जुलाई से मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाएगा। ऐसे में तापमान में रविवार को कुछ कमी तो आएगी, लेकिन यह दो ही दिन के लिए होगी। इससे पहले शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.3 डिग्री पर पहुंच गया। हवा में नमी 71 से 89 प्रतिशत तक बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून की ट्रफ में मूवमेंट हुआ है और यह नॉर्थ की तरफ बढ़ रही है। जिसकी वजह से 19 और 20 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जिसकी वजह से तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आ सकती है। इसके बाद 21 और 22 जुलाई को बारिश में कमी आ जाएगी। 23 जुलाई से मौसम एक बार फिर शुष्क हो जाएगा। इस दौरान बारिश मध्यम से अधिक नहीं होगी। लोग सबसे अधिक उमस से परेशान है।
from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2WyTyUC