Monday, July 20, 2020

दिल्ली: बाइस वर्षीय युवक ने की मां की हत्या, कहा उसे 'मुक्ति दी'

नई दिल्ली दिल्ली के मदनगीर इलाके में 45 वर्षीय एक महिला की उसी के बेटे ने चाकू से गोद कर हत्या कर दी। 22 वर्षीय सागर ने पुलिस को बताया कि उसने मां की हत्या इसलिए की क्योंकि वह उसे 'जीवन से मुक्ति' देना चाहता था। मृतक की पहचान अंजलि फ्रांसिस के रूप में हुई है। जो अपने बेटे के साथ दक्षिण दिल्ली के मदनगीर इलाके के जी-ब्लॉक में रहती थीं। यह इलाका मदनगीर सेंट्रल मार्केट के करीब है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे पड़ोसियों ने महिला के चीखने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचित किया। जब पुलिस मौका-ए-वारदात पर पहुंची तो सागर अपनी मां के मृत शरीर के करीब खड़ा था। महिला के मृत शरीर पर चाकू के पांच निशान थे।इससे बहुत ज्यादा खून बह गया था जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'पूछताछ के दौरान भी वह मृत्यु के बाद जीवन और फिलॉसफी की बातें करता रहा। वह बहुत अजीब जवाब दे रहा था। सागर ने बताया कि वह ड्रग्स और शराब का आदी है। वह रोज इनका सेवन करता है। उसके पड़ोसियों ने भी इस बात की पुष्टि की है। पहले वह हौज खास के एक कैफे में डिस्क जॉकी (डीजे) के रूप में काम करता था। हमें लगता है कि उसे कुछ मानसिक परेशानी है चूंकि उसके जवाबों में भी निरंतरता नहीं थी।' पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'हम मनोविज्ञानी से भी कर रहे हैं साथ ही यह भी देख रहे हैं कि कहीं कोई बाबा या ऐसी किसी चीज से तो इस मामले का संबंध नहीं है।' साउथ दिल्ली के डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया, 'हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या के लिए इस्तेमाल हुआ चाकू भी घर से बरामद हो गया है। आगे की जांच जारी है।'


from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2ZLziBh