Friday, August 21, 2020

WHO चीफ को उम्मीद, 2 साल से कम समय तक रहेगी कोरोना महामारी

जिनेवा विश्व स्वास्थ्य संगठन ने उम्मीद जताई है कि कोरोनावायरस महामारी 1918 के स्पेनिश फ्लू की तुलना में कम समय तक रहेगी। WHO चीफ टेड्रोस एडहानॉम गेब्रयेसिस ने शुक्रवार को कहा कि अगर दुनिया एकजुट हो और एक वैक्सीन बनाने में सफल हो जाए तो यह महामारी दो साल के भीतर खत्म हो सकती है। WHO चीफ का यह बयान महत्वपूर्ण है क्योंकि स्वास्थ्य संगठन ने ऐसे समय में जबकि कोई स्वीकृत वैक्सीन न होने की दशा में अब तक महामारी के खत्म होने को लेकर कोई समयसीमा नहीं दी है। ट्रेडोस ने कहा कि 1918 स्पेनिश फ्लू ने खत्म होने में दो साल लिया था। जिनेवा में एक ब्रीफिंग के दौरान उन्होंने कहा, 'हमारी स्थिति में अब ज्यादा तकनीक और कनेक्टिविटी के कारण वायरस के पास फैलने का भरपूर मौका है। यह तेजी से भाग सकता है क्योंकि हम एक दूसरे से ज्यादा जुड़े हुए हैं।' उन्होंने कहा कि लेकिन इस समय में हमारे पास इसे रोकने की तकनीक भी है और ज्ञान भी है जिससे इससे निपटा जा सकता है। ऐसे में हमारे पास वैश्वीकरण, घनिष्ठता, जुड़ाव से नुकसान है लेकिन बेहतर तकनीक का फायदा भी है। उन्होंने कहा कि उपलब्ध उपकरणों का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल कर हम उम्मीद कर रहे हैं कि हमारे पास वैक्सीन होगी, तो हम इसे 1918 फ्लू से कम समय में खत्म कर सकते हैं। कोविड-19 महामारी के चलते अब तक करीब 8 लाख लोगों की मौत हो चुकी है और दुनियाभर में करीब 2.3 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं। आधुनिक इतिहास में सबसे घातक महामारी स्पेनिश फ्लू थी, जिसमें 5 करोड़ लोगों की जान चली गई थी और दुनियाभर में करीब 50 करोड़ लोग संक्रमित हुए थे। इसकी अवधि फरवरी 1918 से अप्रैल 2020 थी।


from Rest of Europe News in Hindi, बाकी यूरोप समाचार, Latest Rest of Europe Hindi News, बाकी यूरोप खबरें https://ift.tt/2FFvE4k