Monday, October 12, 2020

Delhi: महरौली में कूड़े के ढेर पर पौधारोपण का DDA का प्रयास विफल, सूख गए सब पौधे

राम त्रिपाठी, नई दिल्ली के पास कूड़े के ढेर पर पौधरोपण करके हरियाली लाने का डीडीए का प्रयास फिलहाल विफल हो रहा है। कूड़े के ढेरों पर लगाए गए लगभग सभी पौधे सूख गए हैं। इससे स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि पहले कूड़ा उठाना चाहिए था, जिसके बारे में अधिकारियों से बात भी हो चुकी थी। उसके बाद पौधरोपण करना था। इसमें स्थानीय निवासी भी सहयोग कर रहे थे, लेकिन डीडीए ने ऐसा नहीं किया। उद्यान विभाग के अधिकारियों ने कूड़ा उठाने का काम अचानक रुकवा दिया और पौधरोपण शुरू कर दिया। स्थानीय निवासी योगेश बिष्ट ने बताया कि पिकनिक हट के बगल में खाली पड़ी जमीन पर कूड़े के काफी ऊंचे-ऊंचे ढेर थे। इन पर अगस्त में 5 पौधे प्रयोग के तौर पर लगाए गए थे, जो नष्ट हो गए थे। इसके बाद के अधिकारियों ने लोगों के सहयोग से तय किया था कि पहले यहां से कूड़ा उठाया जाएगा। इसके बाद मिट्टी की परत बिछाकर पौधरोपण किया जाना था। कार्यक्रम के तहत एक हिस्से का कूड़ा 2 दिन में उठाया भी गया, लेकिन उसके बाद यह काम रोक दिया गया। इसे लेकर स्थानीय लोगों और डीडीए अधिकारियों के बीच काफी तकरार भी हुई थी। डीडीए अधिकारियों ने लोगों की एक ना सुनी और 12 सितंबर को कूड़े के ढेर पर लगभग 40 पौधे लगा दिए। 10 पौधे उस जगह लगाए गए, जहां से कूड़ा उठा लिया गया था। स्थानीय निवासी ज्योति डंगवाल ने बताया कि कूड़े के ढेर पर लगे लगभग सभी पौधे 1 महीने के अंदर ही नष्ट हो चुके हैं। साफ जमीन पर लगे 10 पौधे हरेभरे हैं। डीडीए उद्यान विभाग के अधिकारियों ने लोगों की बात मानने से इनकार कर दिया था कि हरियाली करने के लिए कूड़ा उठाना जरूरी है। वहीं, डीडीए के प्रवक्ता विजय शंकर पटेल का कहना है कि उस क्षेत्र में हरियाली लाने के लिए डीडीए प्रतिबद्ध है। पौधरोपण का काम चल रहा है। उसे रोका नहीं जाएगा।


from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/34Ti722