Tuesday, January 26, 2021

जानी-मानी अर्थशास्त्री जेनेट येलेन बनीं अमेरिका की पहली महिला वित्त मंत्री, ब्लिंकन को विदेश मंत्रालय

जानी-मानी अर्थशास्त्री जेनेट येलेन बनीं अमेरिका की पहली महिला वित्त मंत्री, ब्लिंकन को विदेश मंत्रालय
वॉशिंगटन जानी-मानी अर्थशास्त्री जेनेट येलेन ने अमेरिका के वित्त मंत्री पद की शपथ ली है। उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने उन्हें शपथ दिलाई। इस तरह येलेन अमेरिका के इतिहास में पहली महिला वित्त मंत्री बन गई हैं। सोमवार को अमेरिकी सीनेट ने उन्हें वित्त मंत्री बनाए जाने पर मुहर लगाई थी। इसके अलावा सीनेट ने मंगलवार को राष्ट्रपति जो बाइडन के लंबे समय से सहयोगी रहे एंटोनी ब्लिंकन को अगला विदेश मंत्री नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। येलेन (74) इससे पहले अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व की गवर्नर रह चुकी हैं। उन्होंने 2014 से 2018 के दौरान फेडरल रिजर्व की अगुआई की। सोमवार को सीनेट ने 84 बनाम 15 के मत से येनेट को वित्त मंत्री नामित किए जाने पर स्वीकृति दी थी। अब येलेन के सामने कोरोना वायरस महामारी के चलते बदहाल हो चुकी अर्थव्यवस्था को उबारने की जिम्मेदारी है। इससे पहले एंटोनी ब्लिंकन को सीनेट ने मंगलवार को विदेश मंत्री बनाए जाने को मंजूरी दे दी। ब्लिंकन अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति जो बाइडन के मंत्रिमंडल के चौथे सदस्य बन गए, जिनकी नियुक्ति को सीनेट की मंजूरी मिल गई है। ब्लिंकन और येलेन के अलावा सीनेट ने राष्ट्रीय सतर्कता विभाग के निदेशक पद के लिए एव्रिल हेनेस और रक्षा मंत्री के पद के लिए लॉयड ऑस्टिन के नाम पर मुहर लगाई है। अमेरिका कोरोना वायरस महामारी से सर्वाधिक प्रभावित देश है। अब तक अमेरिका में महामारी के चलते 4.20 लाख से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक ढाई करोड़ से अधिक लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। राष्ट्रपति बाइडन ने महामारी से अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए 1.9 हजार अरब डॉलर के पैकेज का प्रस्ताव दिया है। सीनेट में बहुमत के नेता चक शूमर ने सोमवार को सदन में कहा, ‘येलेन के नामांकन को दोनों दलों के समर्थन से उनके अनुभव की स्वीकार्यता का पता चलता है। इससे यह भी पता चलता है कि हमारे समय की आर्थिक चुनौतियों का प्रबंधन करने के लिये उनकी योग्यता कितनी अनुकूल है।’ अमेरिकी सीनेट में सत्ताधारी डेमोक्रटिक पार्टी और विपक्षी रिपब्लिकन पार्टी दोनों के 50-50 सदस्य हैं। येलेन ने ब्राउन और येल से स्नातक किया है। उन्होंने दुनिया के कुछ सबसे प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में अर्थशास्त्र पढ़ाया है। वैश्विक वित्तीय संकट से गिरती बेरोजगारी और सतत आर्थिक सुधार के दौर में फेडरल रिजर्व की गवर्नर के रूप में कार्यकाल के लिए येलेन को याद किया जाता है।


from America Ki Khabar: USA News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें, USA Samachar https://ift.tt/3a4IBAg

via Blogger https://ift.tt/36ieuEx
January 27, 2021 at 08:10AM