न्यू यॉर्क कोरोना महामारी के बीच संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने गुरुवार को भारत की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली को ग्लोबल वैक्सीनेशन अभियान में अहम भूमिका निभानी चाहिए। यूएन चीफ ने भारत की वैक्सीन निर्माण क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि आज यह दुनिया के लिए 'सबसे बड़ी थाती' है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए यूएन चीफ ने कहा, 'मुझे पता है कि भारत में बहुत बड़े पैमाने पर स्वदेश में विकसित वैक्सीनों का प्रोडक्शन होता है। हम इसके लिए भारतीय संस्थानों के संपर्क में हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि ग्लोबल वैक्सीनेशन कैंपेन को कामयाब बनाने के लिए भारत हर तरह की जरूरी बड़ी भूमिका निभाएगा। ' गुतारेस ने कहा, 'मुझे लगता है कि भारत की प्रोडक्शन कपैसिटी आज दुनिया के लिए सबसे बड़ी थाती है। मैं उम्मीद करता हूं कि दुनिया इस बात को समझे कि इस थाती का पूरा इस्तेमाल किया जाना चाहिए।' संयुक्त राष्ट्र प्रमुख का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब भारत अपने पड़ोसी देशों को कोरोना वैक्सीन की 55 लाख से ज्यादा डोज गिफ्ट किया है। इसके अलावा भारत ओमान, CARICOM देशों, निकारगुआ, पसिफिक आइलैंड स्टेट्स को भी वैक्सीन गिफ्ट देने की योजना बना रहा है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने गुरुवार को बताया कि भारत अफ्रीका को कोरोना वैक्सीन की एक करोड़ डोज देने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा COVAX के तहत संयुक्त राष्ट्र के हेल्थ वर्करों के लिए भी नई दिल्ली कोरोना वैक्सीन की 10 लाख डोज देगी।
from America Ki Khabar: USA News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें, USA Samachar https://ift.tt/3r0UbU2