Pages

Sunday, January 23, 2022

Russia Ukraine War: यूक्रेनी सैनिक रूसियों को नंगे हाथ फाड़ने के लिए तैयार हैं... लेफ्टिनेंट जनरल ने पुतिन को दी धमकी

कीव: रूस के साथ बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों में अब जुबानी जंग भी चरम पर पहुंच गई है। यूक्रेनी सेना के एक लेफ्टिनेंट जनरल ऑलेक्जेंडर पावलियुक ने शेखी बघारते हुए कहा कि यूक्रेनी सैनिक रूसियों को नंगे हाथ फाड़ने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिन्होंने रूस के साथ युद्ध में अपने लोगों को खोया है। हम किसी भी कीमत पर रूसी सैनिकों को बख्शने वाले नहीं हैं। उधर, रूस के आक्रामक रुख को देखते हुए अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों ने यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई भी शुरू कर दी है। एक दिन पहले ही अमेरिकी हथियारों का जखीरा यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचा है। यूक्रेनी सेना के लेफ्टिनेंट जनरल ने दी धमकी यूक्रेन के पोपसना में एक सैन्य अड्डे से बोलते हुए यूक्रेनी सेना के लेफ्टिनेंट-जनरल ऑलेक्जेंडर पावलियुक ने टाइम्स को बताया कि हमारे पास लगभग पांच लाख लोग हैं जो इस देश में युद्ध से गुजरे हैं। इस युद्ध में उन्होंने या तो अपने किसी खास को खो दिया है या फिर संपत्ति का नुकसान झेला है। ये 5 लाख लोग अपने रिश्तेदारों के खून का कर्ज चुकाना चाहते हैं। वे अपने नंगे हाथों से रूसियों को फाड़ने के लिए तैयार हैं। 'हम रूसी सेना को बड़ा नुकसान पहुंचाएंगे' उन्होंने आगे कहा कि अगर हमारे देश की इंटेलिजेंस ने रूस के हमले की दिशा और जगह का पहले ही पता लगा लिया तो हम दुश्मनों को बड़ा नुकसान पहुंचा सकते हैं। रूस को इससे इतना बड़ा सदमा लगेगा कि उसकी सेना वहीं ठहर जाएगी। इतने बड़े नुकसान के बाद वे आगे नहीं बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि पुतिन को भी पता है कि भारी संख्या में हताहतों को देखने के बाद उनकी सेना अपने आप रुक जाएगी। यह कोल्ड कैलकुलेशन है। रूस के यूक्रेन पर हमले की तारीख तक बता डाली यूक्रेनी लेफ्टिनेंट जनरल ने रूस के संभावित हमले की तारीख तक को बता दिया। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी से रूस यूक्रेन पर हमले की शुरुआत कर सकता है। इसी तारीख के आसपास शीतकालीन ओलंपिक और रूस-बेलारूस सैन्य अभ्यास समाप्त होने वाला है। नए सबूतों से पता चला है कि रूसी सैनिक यूक्रेन की राजधानी कीव से रणनीतिक रूप से काफी नजदीक खड़े हैं। रूस ने अपने सुदूर पूर्वी इलाकों से हाल के दिनों सेना और उपकरणों को हटाकर उसे बेलारूस में तैनात किया है। बेलारूस में रूसी सेना की मौजूदगी वाली जगह यूक्रेन के बॉर्डर से मात्र 20 मील दूर है। नाटो देशों ने यूक्रेन को हथियारों की सप्लाई शुरू की नाटो (NATO)सदस्य देशों ने यूक्रेन को अत्याधुनिक हथियारों की सप्लाई शुरू कर दी है। यूक्रेन को हथियार भेजने में अमेरिका, ब्रिटेन, पोलैंड, तुर्की, लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया समेत कई अन्य पश्चिमी देश शामिल हैं। ब्रिटेन ने यूक्रेन को हाल में ही एंटी एयरक्राफ्ट मिसाइलों का जखीरा भेजा है। ये मिसाइलें आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पर ले जाकर फायर की जा सकती हैं। तुर्की ने भी यूक्रेन की सहायता के लिए सैकड़ों की संख्या में बायरकटार TB2 ड्रोन सौंपा है। इन ड्रोन्स की मदद से यूक्रेन की सेना रूसी सीमा की रखवाली भी कर रही है।


from Rest of Europe News in Hindi, बाकी यूरोप समाचार, Latest Rest of Europe Hindi News, बाकी यूरोप खबरें https://ift.tt/3qVoYo6