बॉलिवुड ऐक्टर (Salman Khan) के क्रिमिनल लॉयर श्रीकांत शिवड़े ( Criminal Lawyer Srikant Shivdae) का 19 जनवरी को निधन हो गया। वह ऐक्टर के हिट एंड रन (Hit and Run case) मामले के वकील थे। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर (Blood Cancer) से जूझ रहे थे। उनकी उम्र महज 67 साल थी। इन्होंने सिर्फ सलमान का ही नहीं बल्कि कई नामी हस्तियों का केस भी हैंडल किया था। स्वभाव से वह बेहद शांत थे। कोर्ट में भी बड़ी गंभीरता के साथ अपना पक्ष रखते थे। उनके जाने से न सिर्फ उनके परिवार को बल्कि उनके फेलो लॉयर्स को बल्कि मुंबई बार एसोसिएशन के जूनियर्स को भी भारी क्षति हुई है। क्रिमिनल लॉ काउंसेल शीरीष गुप्ते ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत के दौरान दुख प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शिवड़े सेल्फ मेड मैन थे। वह कोर्ट में बहुत सहजता के साथ जवाब देते थे।' सीनियर काउंसेल अशोक मुंदारगी ने भी शिवड़े के निधन पर शोक जताया। कहा, 'शिवड़े एक नॉन लॉयर बैकग्राउंड से आते थे। लेकिन हमारे समय के वह बेस्ट क्रॉस एग्जामिनर्स थे। वह कोर्ट में एकमद शांत रहते थे। उनका जाना हमारे लिए भारी क्षति है।' बता दें कि शिवड़े ने कई बड़े केस लड़े थे। उन्होंने शाइनी आहूजा और फिल्ममेकर मधुर भंडारकर का रेप केस तो लड़ा ही था। साथ ही 2 जी स्पेक्ट्रम भी इन्होंने ही हैंडल किया था। इसके अलावा मालेगांव ब्लास्ट केस के आरोपी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित की भी कोर्ट में यही आवाज बने थे। इन्होंने शीना बोरा मर्डर केस में भी पुलिस ऑफिसर्स को डिफेंड किया था। 2018 में इन्होंने ही सैफ अली खान, तबू, सोनाली बेंद्रे और नीलम को ब्लैकबक केस में बरी करवाया था। श्रीकांत शिवड़े ने इंडियन लॉ सोसाइटी से वकालत की पढ़ाई की थी। परिवार में मां, पत्नी और बेटा हैं। वह लंबे समय से ब्लड कैंसर से पीड़ित थे। हाल ही में उनका बोन मैरो ट्रांसप्लांट भी हुआ था। हालत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया और वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली।
from Bollywood News in Hindi, बॉलीवुड न्यूज़, Hindi Movies News, हिंदी मूवीज़ समाचार, फिल्मी खबरें | Navbharat Times https://ift.tt/3IiJ2GB