राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर की फिल्म 'बधाई दो' वैलंटाइंस वीक पर 11 फरवरी को रिलीज़ हो रही है। फिल्म रिलीज़ होने से ठीक पहले राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर सिनेमाघर पहुंचे, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ वे जमकर डांस करते नजर आए। प्रमोशनल इवेंट पर सिनेमाघर पहुंचे राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर ने अपनी फिल्म के पोस्टर्स के साथ ढेरों पोज़ दिए। इसके अलावा सिनेमाघर के बाहर ढोल नगाड़ों पर वे डांस करते नजर आ रहे हैं। इस मौके पर वे ओपन कार से ठीक वैसे ही पहुंचे हैं, जैसे अक्सर दूल्हा-दुल्हन नजर आते हैं। हालांकि, दोनों वेस्टर्न आउटफिट में नजर आ रहे हैं, लेकिन यह पूरा नजारा बारात जैसा ही दिख रहा है। बता दें कि इस फिल्म ' बधाई दो' की कहानी एलजीबीटीक्यू कम्युनिटी से जुड़ी है, जिसमें राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर गे और लेस्बियन किरदारों में नजर आ रहे हैं। सुमि (भूमि पेडनेकर) और शार्दुल (राजकुमार राव) समलैंगिक हैं और उत्तराखंड के ऐसे परिवारों से ताल्लुक रखते हैं, जहां वे अपने घर और समाज में अपनी सेक्शुएलिटी को उजागर नहीं कर सकते। परिवार के प्रेशर में आकर वे शादी कर लेते हैं, लेकिन फिल्म की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है वे उसमें उलझते चले जाते हैं। दोनों ही मुख्य किरदार भारतीय सामाजिक ढांचे में समलैंगिक होने के नाते अपने अंतर्द्वंद्व को बखूबी दर्शा ले जाते हैं। इस ड्रामा कॉमिडी फिल्म में राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर के अलावा कई मंजे हुए कलाकार हैं, जिनमें सीमा पाहवा, लवलीन मिश्रा, नितेश पांडे, शीबा चड्ढा, चुम दरंग आदि शामिल हैं।
from Bollywood News in Hindi, बॉलीवुड न्यूज़, Hindi Movies News, हिंदी मूवीज़ समाचार, फिल्मी खबरें | Navbharat Times https://ift.tt/jpTKyxo