Sunday, February 6, 2022

लता मंगेशकर का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति : तिरुमूर्ति

न्यूयॉर्क, छह फरवरी (भाषा) संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी एस तिरुमूर्ति, विदेशी गणमान्य व्यक्तियों और अमेरिका में प्रवासी भारतीय सदस्यों ने रविवार को प्रसिद्ध पार्श्व गायिका लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दी।

मंगेशकर का रविवार को मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 92 वर्ष की थीं। यूएन वीमैन की सहायक महासचिव और उप कार्यकारी निदेशक अनीता भाटिया ने ट्वीट किया, ‘‘भारत की कोकिला लता मंगेशकर नहीं रहीं। हम उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हैं। वह एक संगीत किंवदंती हैं जिनकी खूबसूरत आवाज हमारी यादों और हमारे दिलों में अमिट रूप से अंकित है।’’

राजदूत तिरुमूर्ति ने कहा कि मंगेशकर का निधन ‘‘देश के लिए, संगीत की दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है। भारत रत्न लता मंगेशकर हमारे दिलों में हमेशा जीवित रहेंगी।’’

प्रवासी संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन एसोसिएशन ने गायिका के निधन पर शोक व्यक्त किया। अखबार ‘वाशिंगटन पोस्ट’ ने एक रिपोर्ट ‘गायिका और बॉलीवुड आइकन लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन, शोक में डूबा भारत’ में कहा कि मंगेशकर को ‘‘देश की निधि’’ और ‘‘बॉलीवुड की कोकिला’’ के रूप में जाना जाता था।



from America Ki Khabar: USA News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें, USA Samachar https://ift.tt/HLS0r1b