
क्रिकेट की दुनिया से एक बेहद दुखद खबर है। दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी और दुनिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न (Shane Warne) का निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि वह अपने आखिरी वक्त में थाईलैंड स्थित अपने विला में मौजूद था, जहां हार्ट अटैक की वजह से उनका निधन हो गया। इस खबर से पूरी दुनिया में उनके फैन्स के बीच शोक की लहर है और बॉलिवुड सिलेब्रिटीज़ ने भी अपने चहेते क्रिकेटर पर दुख जताया है। शेन वॉर्न 52 साल के थे और उनकी मैनेजमेंट टीम ने ऑफिशल स्टेटमेंट जारी किया है, जिसमें बताया गया है कि उनका निधन थाईलैंड के Koh Samui में हुआ। इस स्टेटमेंट में बताया गया है कि शेन बेसुध पडे थे और मेडिकल स्टाफ की काफी कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया न जा सका। यह खबर तेजी से पूरी दुनिया में फैल गई और उनके फैन्स दुख जता रहे हैं। जैसे ही उनके निधन की अचानक खबर आई, रणवीर सिंह से लेकर रणदीप हुड्डा, उर्मिला मातोंडकर, शिल्पा शेट्टी जैसे कई सितारों का दर्द सोशल मीडिया पर छलक उठा। सनी देओल ने ट्वीट कर शेन वॉर्न के निधन पर दुख जताया है।उन्होंने लिखा है, क्रिकेट ने अपना एक सितारा आज खो दिया। शेन वॉर्न की आत्मा को शांति मिले, बहुत जल्दी चले गए आप, प्रार्थना।' रणवीर सिंह ने शेन वॉर्न की तस्वीर शेयर कर हार्ट इमोजी शेयर की है। उर्मिला मातोंडर ने इस खबर को काफी शॉकिंग बताते हुए उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। वहीं शिल्पा शेट्टी ने शेन वॉर्न के साथ अपनी दो तस्वीरें शेयर की हैं और लिखा है- लेजंड्य हमेशा जिंदा रहते हैं। अर्जुन कपूर ने भी शेन की एक दमदार तस्वीर शेयर की है और हार्ट इमोजी शेयर किया है। रणदीप हुड्डा ने लिखा है- रेस्ट इन पीस वॉर्नी। सैयामी खेर ने लिखा है- नहीं नहीं नहीं प्लीज नहीं, ये क्या हो रहा है। शेन वॉर्न दुनिया के उन महान क्रिकेट खिलाड़ियों में गिने जाते थे, पिच पर जिनकी गेंदबाजी से कइयों के पसीने छूट जाया करते थे।
from Bollywood News in Hindi, बॉलीवुड न्यूज़, Hindi Movies News, हिंदी मूवीज़ समाचार, फिल्मी खबरें | Navbharat Times https://ift.tt/nboCrRi