नई दिल्ली कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है, लेकिन इस बीच दिल्ली पुलिस के एक फैसले से अधिकारी हैरान हैं। कोरोना पॉजिटिव होने पर मिलने वाली सहायता राशि में कमी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस के उच्च अधिकारियों के बीच हुई मीटिंग में इस बाबत फैसला लिया गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अब तक पुलिसकर्मियों के कोरोना पॉजिटिव होने पर उनको एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती थी, लेकिन नए फैसले के बाद मदद की राशि 90 फीसदी घटाकर 10 हज़ार कर दी गई है। ये भी तय हुआ है कि अगर कोई पुलिसकर्मी के कारण मरता है, तो उसके परिवार को 7 लाख के जगह 10 लाख रुपये दिए जाएंगे और आगे भी परिवार की महकमा सहायता करेगा। स्पेशल सीपी जनरल एडमिनिस्ट्रेशन एस नित्यानंदम ने बताया कि पुलिस वालों को कोरोना पॉजिटिव होने पर उनकी देखरेख और इलाज का जिम्मा पुलिस डिपार्टमेंट पर ही है, तो ऐसे में एक लाख रुपये की कोई जरूरत नहीं थी। राशि घटाने के पीछे ये कारण भी बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस के मामले तेज़ी से फैल रहे हैं, जिसमें से कुछ पुलिस वाले मामूली रूप से शिकार हो रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मीटिंग में कोविड फंड बनाने को स्वीकृति मिली है। इसमें करीब 5 करोड़ रुपये जमा होंगे, जो पुलिस वालों के इलाज और बचाव पर खर्च किए जाएंगे। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर छोटे कर्मचारी तक एक बार 500 रुपये जमा करेंगे, जबकि मल्टी टास्किंग स्टाफ को 200 रुपये जमा करने होंगे। अब तक वेलफेयर फंड खर्च होता था, लेकिन बजट लड़खड़ाने के कारण नया फंड बनाया जा रहा है।
from Delhi News in Hindi: दिल्ली न्यूज़, Latest Delhi Samachar, दिल्ली समाचार, दिल्ली खबरें, Delhi Khabar | Navbharat Times https://ift.tt/2LHrMzI