वॉशिंगटन 2018 में हुई पत्रकार की हत्या के मामले में अमेरिकी खुफिया विभाग ने बड़ा दावा करते हुए सऊदी अरब के राजकुमार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि सऊदी अरब के शहजादे ने इस्तांबुल स्थित सऊदी उच्चायोग में पत्रकार जमाल खशोगी को 'पकड़ने या फिर उसकी हत्या' करने के अभियान को मंजूरी दी। यह जानकारी शुक्रवार को सार्वजनिक की गई एक अमेरिकी खुफिया रिपोर्ट से सामने आई। ऐसा माना जा रहा है कि इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद अमेरिका में सत्तासीन बाइडन प्रशासन पर राजघराने को हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराने का दबाव बढ़ सकता है। ऐसा पहली बार है कि इस मामले में अमेरिका की तरफ से खुले तौर पर सऊदी राजकुमार का नाम लिया गया है। दो अक्टूबर 2018 को खशोगी की मौत के बाद अमेरिका में दोनों राजनीतिक पार्टियों के साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुस्सा जाहिर किया गया था। खशोगी को सऊदी अरब के राजकुमार मोहम्मद बिन सलमान का कड़ा आलोचक माना जाता था। हालांकि, अभी तक इस निष्कर्ष को आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं किया गया है। रिपोर्ट ऐसे समय सामने आई है, जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने सऊदी के नरेश सलमान से शिष्टाचार वार्ता की थी। हालांकि, वाइट हाउस की ओर से वार्ता के संबंध में जारी बयान में इस दौरान पत्रकार की हत्या का मामला सामने आने का कोई जिक्र नहीं किया गया था। इसमें कहा गया था कि दोनों ने दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक साझेदारी पर चर्चा की।
from America Ki Khabar: USA News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें, USA Samachar https://ift.tt/3pT9Nb6
via Blogger https://ift.tt/3b0lyIK
February 27, 2021 at 08:10AM