Saturday, January 29, 2022

Putin China Visit: इमरान खान को लगा बड़ा झटका, चीन में शी जिनपिंग के अलावा किसी नेता से नहीं मिलेंगे पुतिन

मॉस्को : रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4 फरवरी को बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक खेलों के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वह समारोह में शामिल होने वाले अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक नहीं करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने TASS को इसकी जानकारी दी है। यह खबर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए एक बड़ा झटका है जो चीन में पुतिन के साथ मुलाकात की उम्मीद कर रहे थे। माना जा रहा था कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हो सकती है। पेसकोव ने कहा कि हमने कई बार साफ किया है कि समारोह के आयोजकों को अधिकारियों सहित खिलाड़ियों और मेहमानों पर कई तरह के गंभीर प्रतिबंध लगाने की जरूरत है। इसलिए बीजिंग यात्रा के लिए रूसी राष्ट्रपति के कार्यक्रम में कोई द्विपक्षीय बैठक शामिल नहीं है। प्रवक्ता से पूछा गया कि क्या पुतिन के यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की के साथ संभावित मुलाकात पर विचार किया जा रहा है क्योंकि उनके भी उद्घाटन समारोह में शामिल होने की उम्मीद है। जिनपिंग के अलावा किसी से नहीं मिलेंगे पुतिनपेसकोव ने कहा कि फिलहाल इस तरह की बैठक की कोई योजना नहीं है। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा, 'हालांकि हम इसे पूरी तरह से खारिज नहीं कर सकते हैं।' उन्होंने जोर देकर कहा, 'लेकिन मैं दोहराना चाहता हूं कि राष्ट्रपति पुतिन के कार्यक्रम में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ 'फुल-स्केल' बातचीत के अलावा कोई द्विपक्षीय बैठक शामिल नहीं है। पुतिन के चार फरवरी को चीन दौरे पर जाने की संभावना है। इमरान खान को लगा बड़ा झटकाअमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों ने बीजिंग विंटर ओलिंपिक का बहिष्कार किया है। ऐसे में इमरान को उम्मीद थी कि वह पुतिन के साथ चीन में मंच साझा करके अपनी एकता को प्रदर्शित करने की कोशिश करेंगे। बीजिंग विंटर ओलिंपिक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के लिए एक शक्ति प्रदर्शन भी है। यह कार्यक्रम 4 फरवरी से 20 फरवरी तक बीजिंग के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित किया जाएगा। रूस, चीन और पाकिस्तान का एक साथ आना पूरे एशिया की शांति और स्थिरता को प्रभावित कर सकता है। बढ़ रही हैं पाकिस्तान और रूस की नजदीकियांरूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने पिछले साल इस्लामाबाद का दौरा कर हथियार देने तक का वादा किया था। वहीं, इमरान खान और व्लादिमीर पुतिन चार महीनों में कम से कम तीन बार फोन पर बात कर चुके हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान चीन से सीपीईसी से जुड़े प्रॉजेक्ट्स के लिए और अधिक फंड मांगने के लिए बीजिंग जाने वाले हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे नेता बन सकते हैं, जो महामारी शुरू होने के बाद चीन पहुचेंगे। पाकिस्तान ने दावा किया है कि उन्हें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने आमंत्रित किया है।


from Rest of Europe News in Hindi, बाकी यूरोप समाचार, Latest Rest of Europe Hindi News, बाकी यूरोप खबरें https://bit.ly/3Gh8PNT