Wednesday, February 16, 2022

हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है क्वाड : अमेरिकी सांसद

(ललित के झा)

वाशिंगटन, 16 फरवरी (भाषा) कुछ प्रमुख अमेरिकी सांसदों ने भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्रियों की हालिया बैठक का स्वागत करते हुए कहा कि क्वाड समूह की महत्वपूर्ण साझेदारी साझा हितों वाले रणनीतिक महत्व के हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भविष्य के प्रति एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।

क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों ने पिछले हफ्ते मेलबर्न में बैठक की थी। उन्होंने हिंद प्रशांत क्षेत्र को दबाव मुक्त रखने का संकल्प लिया था, सीमा पार से होने वाले आतंकवाद के लिए छद्म आतंकियों के इस्तेमाल की निंदा की थी और यूक्रेन संकट पर चर्चा की थी। उन्होंने जोर देते हुए कहा था कि अफगानिस्तान की भूमि का इस्तेमाल किसी देश पर हमला करने के लिए नहीं होना चाहिए।

कुछ अमेरिकी सांसदों ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘अमेरिका, जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के साथ निकट संबंधों के कट्टर समर्थक होने के नाते हम पिछले सप्ताह की मंत्रिस्तरीय बैठक के जरिए इस अहम साझेदारी को और मजबूत होते देखकर खुश हैं।’’

यह बयान सांसद जोआक्विन कास्त्रो, एड्रियन स्मिथ, जो कर्टनी, माइक गैलाघर, ब्रैड शर्मन, स्टीव चाबोट और अमी बेरा ने जारी किया।

जापान, ऑस्ट्रेलिया और भारत के लिए अमेरिकी संसद के कॉकस के सह-अध्यक्षों ने कहा कि पिछले हफ्ते की बैठक सितंबर 2021 में हुए शिखर सम्मेलन के परिणामों पर आधारित है। उन्होंने कहा कि क्वाड कोविड-19 टीकों के वितरण, मानवीय सहायता, पर्यावरण, समुद्री सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी कदमों और साइबर सुरक्षा पर सहयोग को आगे बढ़ाकर साझा मूल्यों में निहित हिंद-प्रशांत के भविष्य के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण को आगे बढ़ा रहा है।

सांसदों ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और क्वाड हिंद-प्रशांत में अन्य देशों और बहुपक्षीय संगठनों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा।



from America Ki Khabar: USA News in Hindi, अमेरिका समाचार, Latest America Hindi News, अमेरिका खबरें, USA Samachar https://ift.tt/FLh7xz6